“गाय नहीं कटने देंगे, देश नहीं बटने देंगे”: मथुरा में केशव मौर्य ने गौ विज्ञान केंद्र के कई प्रकल्पों का किया लोकार्पण

फरह (मथुरा)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya ने बुधवार को मथुरा के परखम स्थित दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में गौ संरक्षण और राष्ट्रवाद को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “गाय नहीं कटने देंगे, देश नहीं बटने देंगे” यह भाजपा सरकार का दृढ़ संकल्प है। उन्होंने कहा कि गौ माता के महत्व को समाज तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है और सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उप मुख्यमंत्री दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा आयोजित लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर स्थापित यह अनुसंधान केंद्र आने वाले समय में विश्व स्तरीय संस्थान बनेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस संस्थान के विकास के लिए जो भी सहयोग संभव होगा, वह किया जाएगा।


कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने आधा दर्जन से अधिक प्रकल्पों का ई-लोकार्पण किया। इनमें कन्या गौरी कन्या छात्रावास, औषधि उद्यान, पशु चिकित्सालय, कामधेनु प्रसार केंद्र स्टूडियो और बुनकर प्रशिक्षण केंद्र की मशीन का पूजन एवं उद्घाटन शामिल रहा। इसके अलावा कन्वेंशन सेंटर और स्टाफ आवास का भूमि पूजन कर उनकी आधारशिला भी रखी गई।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार लंबे समय तक जनता की सेवा करती रहेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के विदेशी मुद्रा बचाने के आह्वान का समर्थन करते हुए लोगों से स्वदेशी सोच अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख Rajkumar Matale ने कहा कि भारत की आत्मा धर्म है और गाय भारतीय संस्कृति की मूल चेतना का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि एशिया के इस बड़े अनुसंधान केंद्र में गाय पर होने वाले शोध से उसकी महत्ता वैश्विक स्तर पर और मजबूत होगी।


निरंजन पीठाधीश्वर Swami Kailashanand Giri ने कहा कि गाय पूरी दुनिया के लिए मां समान है और पंचगव्य स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है। वहीं ब्रज के प्रसिद्ध संत Vijay Kaushal Maharaj ने गौचारण भूमि बढ़ाने और चारागाह विकसित करने की अपील की।
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ गौमाता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। समिति पदाधिकारियों ने अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में भूमि पूजन, हवन और गौ पूजन भी कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संत, संघ पदाधिकारी और भाजपा नेता शामिल हुए।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री S. P. Singh Baghel, उच्च शिक्षा मंत्री Yogendra Upadhyay, सांसद Tejveer Singh, पूर्व केंद्रीय मंत्री Ram Shankar Katheria सहित कई जनप्रतिनिधि और संघ पदाधिकारी मौजूद रहे।