एसपी ने हरी झंडी दिखाकर यूपी-112 के नए वाहनों को किया रवाना, जनपद की पुलिसिंग होगी और मजबूत


कासगंज में यूपी-112 मुख्यालय को प्राप्त 10 अतिरिक्त दोपहिया वाहनों को पुलिस लाइन परिसर में विधिवत पूजन-अर्चन के बाद पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने हरी झंडी दिखाकर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इस दौरान एसपी ने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से जनपद की पुलिसिंग और अधिक मजबूत होगी तथा आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहनों के जरिए संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से पहुंच संभव हो सकेगी। इससे पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को कम समय में सहायता मिल पाएगी तथा अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने वाहनों पर नियुक्त पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते हुए प्रत्येक इवेंट पर तत्काल रिस्पांस देने, पीड़ितों को शीघ्र सहायता पहुंचाने और निर्धारित रिस्पांस टाइम का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी यूपी-112 सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात संदीप वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक रविन्द्र मलिक, प्रभारी निरीक्षक यूपी-112 राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।