
लखनऊ। लखनऊ में समाजवादी पार्टी ने नीट परीक्षा पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर हजरतगंज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी, छात्र सभा और यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में सरकार विरोधी पोस्टर और बैनर लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद काफी देर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की होती रही। इस दौरान कई कार्यकर्ता पुलिस बस की छत पर चढ़ गए और विरोध जताने लगे। बाद में पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया। सपा प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की और कई कार्यकर्ताओं को सड़क पर घसीटा गया। इससे उनके कपड़े फट गए और हाथों में चोटें आईं।
महंगाई और बेरोजगारी से जनता परेशान: आनंद यादव
समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव आनंद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है, वहीं खाने-पीने की वस्तुएं भी आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत कई भर्तियां वर्षों से लंबित पड़ी हैं। सरकार ओबीसी वर्ग के अधिकारों को लागू नहीं कर रही और अभ्यर्थियों को जॉइनिंग भी नहीं दी जा रही है।
NEET पेपर लीक और बढ़ते अपराधों के खिलाफ आंदोलन: राज साहनी
समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव राज साहनी ने कहा कि डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दाम और NEET परीक्षा के पेपर लीक के विरोध में समाजवादी कार्यकर्ता आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार में हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सपा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव राज साहनी ने कहा कि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने जबरन उन्हें बसों में भरकर ले जाने का काम किया है।