मायावती ने BSP नेताओं को दिए सख्त निर्देश, संगठन मजबूत करने पर जोर


लखनऊ राजधानी लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी की अहम बैठक बसपा सुप्रीमो मायावती की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी के जनाधार को बढ़ाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि चुनावी चुनौतियों को देखते हुए संगठन को और मजबूत बनाया जाए। उन्होंने मजबूत और जन-उपयोगी प्रत्याशियों के चयन पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही आर्थिक सहयोग और पार्टी विस्तार को लेकर भी रणनीति तैयार की गई।
मायावती ने कहा कि देश के सामाजिक और आर्थिक हालात काफी कड़वे और दुखद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूंजीपतियों समर्थक राजनीति के कारण आम जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों का आत्म-सम्मान से जीना मुश्किल होना बेहद दुखद है और सरकारों को अपनी कल्याणकारी जिम्मेदारियों से मुंह नहीं मोड़ना चाहिए।
बसपा सुप्रीमो ने रोजी-रोटी, रोजगार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकारों को ध्यान देने की नसीहत दी। उन्होंने विरोधी दलों की संकीर्ण राजनीति से बचने की अपील करते हुए दावा किया कि प्रदेश में BSP के पक्ष में जनरुझान लगातार बढ़ रहा है।
मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर BSP और आयरन लेडी नेतृत्व पर भरोसा जताएगी और पार्टी पांचवीं बार सरकार बनाने के मिशन के साथ आगे बढ़ रही है।