
डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में लखीमपुर खीरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) ने विभिन्न थानों में दर्ज 35 अभियोगों से संबंधित करीब 1 करोड़ 10 लाख 4 हजार 954 रुपये कीमत के कुल 102.98383 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिक निस्तारण एवं विनष्टीकरण कराया।
यह कार्रवाई 23 मई 2026 को माहोली स्थित स्टार पोलोटेक कॉमन बायो-मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट फैसिलिटी के इंसीनेरेटर प्लांट में पर्यावरणीय एवं विधिक मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गई। पूरी प्रक्रिया अपर पुलिस अधीक्षक एवं नोडल नारकोटिक्स सेल अमित कुमार राय के नेतृत्व में कराई गई।
कार्यवाही के दौरान क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइंस जावेद इक़बाल खाँ, नारकोटिक्स सेल प्रभारी मनबोध तिवारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 59 किलो गांजा, 21.4 किलो चरस, 18.7 किलो डोडा, 65 ग्राम स्मैक/हेरोइन, नशीली गोलियां तथा कोडीन सिरप शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि यह कार्रवाई शासन की मंशा के अनुरूप नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने आमजन से भी नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग की अपील की है।