
बढ़ती गर्मी में वन्य जीवों के लिए वन विभाग सक्रिय, जंगलों के वाटर होल में भरवाया गया पानी
गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए वन विभाग ने वन्य जीवों के लिए विशेष इंतजाम शुरू कर दिए हैं। गोला वन क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार तिवारी ने जंगलों में बने आधा दर्जन से अधिक वाटर होल का निरीक्षण कर उनमें ताजा पानी भरवाया।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि इन दिनों तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच रहा है, जिससे आम जनमानस के साथ-साथ वन्य जीव भी पानी की कमी से परेशान हो रहे हैं। गर्मी के मौसम में अक्सर जंगली जानवर पानी की तलाश में जंगलों से निकलकर गांवों की ओर पहुंच जाते हैं, जिससे मानव और वन्य जीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ने लगती हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग द्वारा जंगलों में कई वाटर होल तैयार किए गए हैं, जिनमें नियमित रूप से ताजा पानी भरवाया जा रहा है ताकि वन्य जीवों को जंगल के भीतर ही पानी उपलब्ध हो सके और उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों की ओर न जाना पड़े।
कोटबारा जंगल सहित गोला क्षेत्र के आसपास के कई जंगलों में भी वन विभाग की ओर से वाटर होल तैयार कराए गए हैं। वन विभाग का कहना है कि वन्य जीवों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।