हमीरपुर में बड़ा हादसा: बेतवा नदी पर बन रहा पुल ढहा, 6 मजदूरों की मौत, कई दबे होने की आशंका

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार देर रात तेज आंधी और बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक ढह गया, जिसकी चपेट में आकर छह मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

जानकारी के अनुसार ललपुरा क्षेत्र के मोराकांदर परसनी से कुरारा के नैठी और कंडौर गांव के बीच बेतवा नदी पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। शुक्रवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान पुल का स्लैब भरभराकर गिर गया। बताया जा रहा है कि कुछ मजदूर पुल के नीचे सो रहे थे, जो हादसे की चपेट में आ गए।

हादसे में मृतकों की पहचान लोकेंद्र निषाद (22) निवासी चिल्ला-बांदा, कुलदीप निषाद (19) निवासी चिल्ला-बांदा, सावंत यादव (28) निवासी भूरागढ़-बांदा, सभाजीत (30) निवासी भूरागढ़-बांदा, पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) निवासी स्वासा खुर्द ललपुरा-हमीरपुर और राजेश पाल (42) निवासी अचपुरा ललपुरा-हमीरपुर के रूप में हुई है।

वहीं अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद अभी भी पुल के पिलर में फंसे बताए जा रहे हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एसएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि रात करीब दो बजे पुल का स्लैब गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने को कहा है।

गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश से भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। कई जगह पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और निर्माणाधीन ढांचों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं हुई हैं।