
लखनऊ। भीषण गर्मी से झुलस रहे उत्तर भारत के लोगों के लिए अब राहत की खबर सामने आई है। बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुए मौसम सिस्टम ने देश के बड़े हिस्से का मौसम अचानक बदल दिया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और पंजाब समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे को बेहद अहम बताते हुए कई इलाकों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। लंबे समय से हीटवेव की मार झेल रहे लोगों के लिए यह बदलाव राहत लेकर आ सकता है, लेकिन तेज तूफान और ओलावृष्टि नुकसान का कारण भी बन सकते हैं। प्रशासन ने पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और सड़क यातायात प्रभावित होने की चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा असर, कई जिलों में हाई अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम सबसे खतरनाक रूप ले सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भारी बारिश और तेज तूफान का अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, अलीगढ़, कानपुर, अयोध्या, झांसी, कुशीनगर और बहराइच समेत कई जिलों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। राजधानी लखनऊ में तापमान गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं किसानों को फसलों को सुरक्षित रखने और खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की चेतावनी दी गई है।
देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग
उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। कहीं धूल भरी आंधी चल रही है तो कहीं मूसलाधार बारिश हो रही है। केरल में मानसून की शुरुआती दस्तक के संकेत मिलने लगे हैं, जबकि दिल्ली-NCR में तापमान में अचानक गिरावट आने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले 72 घंटे कई राज्यों के लिए बेहद संवेदनशील साबित हो सकते हैं। लोगों को लगातार मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
कई साइक्लोनिक सिस्टम बने बदलाव की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह बदलाव आने वाले मानसून की मजबूत दस्तक का संकेत भी हो सकता है। IMD के मुताबिक बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और उत्तर भारत के ऊपर बने कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन पूरे देश के मौसम को अस्थिर बना रहे हैं। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिणी ओडिशा तक एक लंबा गर्त सक्रिय है। इसके अलावा तमिलनाडु तट, असम और मध्य यूपी के ऊपर भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसी वजह से राजस्थान और मध्य भारत में जहां भीषण गर्मी का असर जारी है, वहीं पूर्वी और दक्षिण भारत में भारी बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने 15 से ज्यादा राज्यों में अलर्ट जारी करते हुए कुछ इलाकों में बड़े ओले गिरने और बिजली चमकने की चेतावनी भी दी है।
दिल्ली-NCR में गुरुवार को बदलेगा मौसम
दिल्ली-NCR में गुरुवार को मौसम अचानक करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने राजधानी में तेज आंधी, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। धूल भरी हवाओं के साथ मौसम में यह बदलाव लोगों को भीषण गर्मी से राहत देगा, हालांकि तेज तूफान और खराब मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है।