भीषण-गर्मी के बीच मौसम का बदला मिजाज: UP-दिल्ली समेत 19 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

लखनऊ। देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी लेकिन सतर्क करने वाली भविष्यवाणी जारी की है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 1 जून को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार समेत 19 राज्यों में तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान की संभावना है। कई क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों में चक्रवाती परिसंचरण विकसित हो रहा है, जबकि पूर्वी मध्य और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।

आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, लेकिन बढ़ा नुकसान का खतरा

पिछले कुछ दिनों में मौसम के बदले रुख से लोगों को भीषण गर्मी और तेज धूप से राहत जरूर मिली है, लेकिन तेज आंधी और तूफान के कारण कई जिलों में जान-माल का नुकसान भी सामने आया है। मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसानों, मछुआरों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की चेतावनी दी गई है।

यूपी के 63 जिलों में येलो अलर्ट, 40 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 63 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वांचल, अवध, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के कई जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा और बरेली समेत कई शहरों में तेज हवाओं और खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि 2 जून से पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने की संभावना है, जिससे मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो सकता है।

इन जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का खतरा

मौसम विभाग ने मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, हमीरपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, बस्ती, झांसी, अयोध्या, रामपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी लखनऊ में 1 जून को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पूर्वांचल से पश्चिमी यूपी तक अलर्ट, दर्जनों जिलों में खराब मौसम की आशंका

आईएमडी के अनुसार सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, प्रतापगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, कन्नौज, इटावा, झांसी, ललितपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, एटा, बदायूं, शाहजहांपुर, मेरठ, गौतमबुद्धनगर, संभल और गाजियाबाद समेत कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 1 जून को उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार समेत 19 राज्यों में तेज बारिश और आंधी का प्रभाव देखने को मिल सकता है। कई स्थानों पर तेज हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों और मछुआरों को भी मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक रूप से खेतों, नदी और जलाशयों के आसपास न जाने की हिदायत दी गई है।