5 से 21 जून तक चलेगा जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान, पात्रों को योजनाओं का मिलेगा लाभ

बहराइच। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद बहराइच में 5 जून से 21 जून तक व्यापक जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सुशासन की उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं और प्रत्येक आयोजन में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने बताया कि अभियान के दौरान होने वाली सभी गतिविधियां “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” की थीम पर आधारित होंगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत, सादगी और अनुशासन को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को प्रधानमंत्री की अपील के अनुरूप “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जिले के सभी विकास खंडों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जबकि 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
14 से 16 जून के बीच जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन होगा। इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण और जन-आरोग्य मेलों का भी आयोजन किया जाएगा।
अभियान के तहत 16 और 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं पर अपने विचार रखेंगे। वहीं 18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती पर आधारित कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जिनमें किसानों को जीवामृत, बीजामृत, जैविक खाद और प्राकृतिक कीटनाशक तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, डीएफओ सुंदरेषा, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राज कुमार, डीपीआरओ चंद्रभान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।