
बहराइच। उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा बहराइच जनपद के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के प्रथम आगमन पर शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) निरीक्षण भवन में उनका भव्य स्वागत किया गया। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
प्रभारी मंत्री के स्वागत के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बड़ी संख्या निरीक्षण भवन पहुंची। इस दौरान विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, नानपारा विधायक राम निवास वर्मा, पयागपुर विधायक के प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी, भाजपा जिला महामंत्री रणविजय सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, प्रभागीय वनाधिकारी सुंदरशा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजकुमार तथा परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले में चल रही प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास परियोजनाओं की प्रगति तथा जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
प्रभारी मंत्री के आगमन को लेकर पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन परिसर में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहीं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से परिसर में दिनभर गतिविधियां जारी रहीं।
जानकारी के अनुसार प्रभारी मंत्री का रात्रि विश्राम पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन में होगा। इसके बाद शनिवार 6 जून को वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेते हुए विभिन्न विकास कार्यों और जनसंपर्क गतिविधियों में शामिल होंगे।