दक्षिण दिल्ली में 11 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या मामले में गिरफ्तार कैब ड्राइवर से पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है।

नई दिल्ली/अमर भारती। दक्षिण दिल्ली में 11 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या के मामले में गिरफ्तार कैब ड्राइवर बाशू कुमार सिंह से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बच्ची का अपहरण करने और बाद में उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ बिहार में कई मामले दर्ज हैं।
सोती हुई बच्ची को कार में उठाकर ले गया
पुलिस के मुताबिक, 22 जून की सुबह मेहरौली के छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास फुटपाथ पर सो रही बच्ची को आरोपी ने अगवा कर लिया। बच्ची अपने परिवार के साथ सो रही थी। आरोपी कुछ देर तक मौके पर नजर रखता रहा और फिर उसे कार में बैठाकर फरार हो गया।
‘घर छोड़ दूंगा’ कहकर जीता भरोसा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बच्ची को भरोसा दिलाया कि वह उसे घुमाने के बाद वापस घर छोड़ देगा। इसी भरोसे में बच्ची शांत हो गई। इसके बाद आरोपी उसे मंडी रोड की तरफ ले गया।
जंगल में ले जाकर की हत्या
पुलिस जांच के अनुसार, बाद में आरोपी बच्ची को फरीदाबाद-गुरुग्राम बॉर्डर के पास स्थित एक सुनसान इलाके में ले गया। वहीं उसकी हत्या कर शव को पत्थरों के ढेर के नीचे छिपा दिया गया। पुलिस ने बाद में आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया।
पिता ने पीछा किया, लेकिन बच नहीं सकी बच्ची
घटना के समय परिवार के पांच सदस्य फुटपाथ पर सो रहे थे। बच्ची के पिता ने कार को जाते देखा और उसे रोकने के लिए पीछे दौड़े। उन्होंने वाहन की दिशा में डंडा भी फेंका, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से भाग निकला।
सीसीटीवी फुटेज बना सबसे बड़ा सुराग
शुरुआती जांच में परिवार केवल इतना बता सका कि अपहरण में इस्तेमाल वाहन की नंबर प्लेट पीले रंग की थी। इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
बिहार में दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला आरोपी पिछले कई वर्षों से दिल्ली में रह रहा था और कैब ड्राइवर के रूप में काम करता था। उसके खिलाफ बिहार में पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास के दो मामले भी शामिल हैं।
कैब कंपनियों से मांगी जाएगी जानकारी
जांच के दौरान यह सवाल भी उठ रहा है कि आरोपी का पुलिस सत्यापन और बैकग्राउंड चेक किस प्रकार हुआ था। इसी को लेकर दिल्ली पुलिस तीन प्रमुख कैब एग्रीगेटर कंपनियों को नोटिस जारी कर आरोपी की ऑनबोर्डिंग और वेरिफिकेशन से जुड़ी जानकारी मांगने जा रही है।
जल्द दाखिल होगी चार्जशीट
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
यहां भी पढ़ें-
Emergency 1975: आखिर क्यों लगाया गया था आपातकाल? जानिए 25 जून 1975 की पूरी कहानी?