गौरीगंज/अमेठी। सामाजिक कार्यकर्ता भरत भूषण तिवारी के कथित एनकाउंटर और लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड में बच्चों की मौत के मामले को लेकर सवर्ण आर्मी ने गुरुवार को गौरीगंज में कैंडल मार्च निकालकर न्याय और जवाबदेही की मांग की। संगठन के जिला अध्यक्ष शिवम मिश्र के निर्देश पर जिला उपाध्यक्ष कैलाश मिश्र के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।

हाथों में मोमबत्तियां लिए प्रतिभागियों ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। कैंडल मार्च के दौरान पूरे क्षेत्र में न्याय की मांग को लेकर गंभीर माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष कैलाश मिश्र ने कहा कि भरत भूषण तिवारी प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर सच्चाई को सामने लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लखनऊ अग्निकांड में बच्चों की मौत बेहद दुखद है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और न्याय दिलाया जाना आवश्यक है।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ऋतिका तिवारी ने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को न्याय से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने “न्याय चाहिए, इंसाफ चाहिए” और “दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो” जैसे नारों के माध्यम से अपनी मांगों को बुलंद किया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो सवर्ण आर्मी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।
इस अवसर पर अनुराग तिवारी, राजकरण दुबे, आशीष शुक्ला, सचिन, सौरभ, सर्वेश, भोलानाथ पाण्डेय, अनिल शुक्ला, शुभम तिवारी, सर्वेश श्रीवास्तव सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। सवर्ण आर्मी ने प्रशासन से दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग दोहराई।