
लखनऊ। राजधानी में सोमवार को जूनियर इंजीनियर अभ्यर्थियों ने पिकप परिसर में जमकर प्रदर्शन किया। बता दें कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा वर्ष 2024 में प्रदेश के विभिन्न विभागों में रिक्त जूनियर इंजीनियर पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। हालांकि, इस भर्ती प्रक्रिया की लिखित परीक्षा मई 2026 में आयोजित की गई, लेकिन परीक्षा संपन्न होने के कई महीने बाद भी न तो फाइनल आंसर-की जारी की गई है और न ही परीक्षा परिणाम घोषित किया गया है। भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने सोमवार को पीकप भवन पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल्द परिणाम घोषित करने की मांग उठाई।
बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थी
प्रदर्शन के दौरान भारतीय युवा जागरूक समाज के अध्यक्ष इं. रवि कान्त पटेल ने कहा कि आयोग पहले भी कई बार अभ्यर्थियों को केवल आश्वासन देता आया है और इस बार भी वही दोहराया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा अपनी समस्याओं को लेकर लखनऊ पहुंचते हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है। रवि कान्त पटेल ने स्पष्ट किया कि युवाओं का उद्देश्य किसी भी सरकारी तंत्र, मशीनरी या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना नहीं है, बल्कि भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए अपनी जायज मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से उठाना है।
आयोग के अधिकारियों ने छात्र प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के दौरान आश्वासन दिया कि अगले तीन से चार दिनों के भीतर JE भर्ती परीक्षा की फाइनल आंसर-की जारी कर दी जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया कि दिसंबर तक भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। आयोग के इस आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने बाहर आकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को वार्ता की जानकारी दी। इसके बाद युवाओं ने एक बार फिर आयोग के आश्वासन पर भरोसा जताते हुए अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
इनकी रही मौजूदगी
प्रदर्शन में भारतीय युवा जागरूक समाज के अध्यक्ष इं. रवि कान्त पटेल के साथ अंकित शुक्ल, सौरभ, अविनाश, राजेन्द्र, आयुष, अनूप, अर्पित, कविता, रितिक सहित सैकड़ों अभ्यर्थी और युवा मौजूद रहे।