नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव: पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी पुलिस

बाराबंकी। कोठी थानाक्षेत्र के असदामऊ गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव नीम के पेड़ से फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, असदामऊ गांव स्थित हुसैन ब्रिक फील्ड के पास सोमवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने एक युवक का शव पेड़ से लटकता देखा। सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी लवलेश यादव (35) पुत्र राजाराम यादव के रूप में हुई।

घटना की सूचना पर कोठी थाने के उपनिरीक्षक विजय कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या के कारणों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। परिवार के लोग भी घटना के पीछे की वजह बताने की स्थिति में नहीं हैं।

जांच में जुटी पुलिस

वहीं कोठी पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।