BBAU में यूजी-डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू: 30 जुलाई तक करें ऑनलाइन पंजीकरण

लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) एवं डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित सीयूईटी-यूजी परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद पात्र अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने से पहले सभी अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध यूजी प्रवेश प्रॉस्पेक्टस 2026-27 तथा छात्रावास (हॉस्टल) मैनुअल का सावधानीपूर्वक अध्ययन अवश्य करें, ताकि आवेदन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बीबीएयू के अनुसार, ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। हालांकि, जिन अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं हो पाएगा, उन्हें विलंब शुल्क के साथ 5 अगस्त 2026 तक आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा। इस अवधि में सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों को 1000 रुपये का अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा।

वहीं, पंजीकरण शुल्क अनारक्षित (यूआर), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये तथा अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये निर्धारित किया गया है।

अभ्यर्थी संबंधित विभाग से संपर्क कर सकते हैं

प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी संबंधित विभाग से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय ने टोल-फ्री नंबर 1800-180-5789 और ई-मेल admission@bbau.ac.in भी जारी किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।