
बाराबंकी। बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 लाख 25 हजार 300 रुपये नकद के साथ बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक सिंह उर्फ गोलू उर्फ बिछी पुत्र प्रवीण सिंह निवासी ग्राम रसूलपुर, थाना सोहरामऊ, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है।
रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम लोधौरा निवासी ललिता किन्नर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि उनके घर में काम करने वाला नौकर गोलू उर्फ बिछी 8 जुलाई 2026 को उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर घर में रखी नकदी और जेवरात चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना रामनगर में मु0अ0सं0 284/2026 के तहत धारा 306 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने डिजिटल और मैनुअल इंटेलिजेंस से पकड़ा आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद रामनगर पुलिस ने डिजिटल डेटा और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से जांच आगे बढ़ाई। गुरुवार, 17 जुलाई 2026 को पुलिस ने पुराना हाईवे, थाना रामनगर क्षेत्र से आरोपी विवेक सिंह उर्फ गोलू उर्फ बिछी को गिरफ्तार कर लिया।
नकदी के साथ बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 6,25,300 रुपये नकद के अलावा पीली धातु की 9 अंगूठियां/छल्ले, एक गले की चेन, दो जोड़ी कान की बालियां, पांच नाक की कीलें, पांच लॉकेट, दो गोल सिक्के, दो आयताकार सिक्के, पांच कान के टॉप्स तथा सफेद धातु के 9 सिक्के, दो चांदी के बिस्किट, 55 पायल, एक गले की चेन, तीन अंगूठियां, एक जोड़ी कुंडल, 18 बिछिया और एक जोड़ी हाथफूल बरामद किए गए।
पूछताछ में कबूला जुर्म, बढ़ाई गई धाराएं
पुलिस पूछताछ और जांच में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वादिनी के घर में नौकर के रूप में काम करता था। 8 जुलाई 2026 को घर में कोई मौजूद न होने का फायदा उठाकर उसने नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।