रवि किशन के जन्मदिन पर दिव्यांग बच्चों संग खुशियां साझा: वीडियो कॉल पर किया जल्द मिलने का वादा

बाराबंकी। नगर के देवा रोड स्थित उम्मीद किरण स्पेशल स्कूल में शुक्रवार का दिन दिव्यांग बच्चों के लिए यादगार बन गया। गोरखपुर के सांसद एवं प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता रवि किशन का जन्मदिन स्कूल परिसर में केक काटकर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्कूल की प्रिंसिपल अर्चना श्रीवास्तव, सभासद प्रतिनिधि एवं अभिनेता देवेंद्र प्रताप सिंह ‘ज्ञानू’ तथा रंगकर्मी अभिनेता शरद राज सिंह के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर सांसद रवि किशन की ओर से बच्चों के लिए मिठाई और उपहार भेजे गए, जिन्हें पाकर दिव्यांग बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर उत्साह, उमंग और उल्लास से सराबोर रहा।

बातचीत के दौरान सांसद रवि किशन ने दिव्यांग बच्चों से जल्द ही बाराबंकी आकर उम्मीद किरण स्पेशल स्कूल में उनसे मिलने का वादा किया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं स्कूल पहुंचकर बच्चों से मुलाकात करेंगे और उन्हें अपना आशीर्वाद देंगे। उनके इस आश्वासन से बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

अभिभावकों ने भी रवि किशन को जन्मदिन की दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम का सबसे भावुक और यादगार क्षण तब आया, जब लखनऊ से आए प्रिवेंद्र कुमार सिंह ‘पिंकुल’ ने बच्चों की रवि किशन से वीडियो कॉल पर सीधी बातचीत कराई। वीडियो कॉल के दौरान सांसद ने कई बच्चों से उनका नाम पूछा और आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने बच्चों से कहा, “मैं तुमसे मिलना चाहता हूं।” इस पर बच्चों ने मुस्कुराते हुए और सिर हिलाकर अपनी खुशी जाहिर की तथा एक स्वर में कहा, “हम भी आपसे मिलना चाहते हैं।” वीडियो कॉल के माध्यम से बच्चों के साथ-साथ बड़ी संख्या में मौजूद अभिभावकों ने भी रवि किशन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

इनकी रही मौजूदगी

इस अवसर पर सभासद प्रतिनिधि देवेंद्र प्रताप सिंह ‘ज्ञानू’, रंगकर्मी शरद राज सिंह, प्रिंसिपल अर्चना श्रीवास्तव, प्रिवेंद्र कुमार सिंह ‘पिंकुल’, डीलाइट होटल के डायरेक्टर विपुल सिंह, अंजनी पांडे, शुभम कश्यप, पिंटू यादव, कोमल, रुचि, सरला सिंह, गीता, मंजू, वीरेंद्र तथा विक्की तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं दिव्यांग बच्चों में आरोही, दृष्टि, शमी, इब्राहिम, पुच्चू, मृदुल, अविका, सिद्धांत, रेहान, ओमू और एनी प्रमुख रूप से शामिल रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों की मुस्कान और उत्साह ने सभी का मन मोह लिया।