
लखनऊ। आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज में मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स-258 के सफल समापन पर शुक्रवार को सैन्य गरिमा और परंपराओं के अनुरूप भव्य कोर्स समापन परेड आयोजित की गई। सात सप्ताह तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश-विदेश के कुल 127 मेडिकल एवं डेंटल अधिकारियों ने हिस्सा लिया। समापन परेड की समीक्षा आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ के कार्यवाहक कमांडेंट एवं प्रभारी रिकॉर्ड्स मेजर जनरल कंवरजीत सिंह ने की।
8 जून से 25 जुलाई तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज के कमांडेंट एवं मुख्य प्रशिक्षक मेजर जनरल अनुज चावला के मार्गदर्शन में किया गया। इस कोर्स का उद्देश्य युवा मेडिकल एवं डेंटल अधिकारियों को युद्धक्षेत्र की चुनौतियों के अनुरूप चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए तैयार करना था। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को एडवांस ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट प्रोवाइडर कोर्स कराया गया, साथ ही आधुनिक युद्धों में उपयोग की जा रही नवीनतम तकनीकों और चिकित्सा प्रणालियों की विस्तृत जानकारी भी दी गई, जिससे वे सशस्त्र बलों में अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
37 महिला और पांच विदेशी अधिकारी भी रहे शामिल
एमओबीसी-258 में त्रिसेवा प्रतिनिधित्व के साथ कुल 127 अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिनमें 37 महिला अधिकारी तथा मित्र विदेशी देशों के पांच अधिकारी भी शामिल रहे। सैन्य परंपराओं के अनुरूप आयोजित समापन परेड में सभी प्रशिक्षु अधिकारियों ने उत्कृष्ट अनुशासन और समन्वय का प्रदर्शन किया, जिसकी समीक्षा अधिकारी ने विशेष सराहना की।
कैप्टन शिवम अग्रवाल बने सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण अधिकारी
कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को विशेष सम्मान भी प्रदान किए गए। कैप्टन शिवम अग्रवाल को पाठ्यक्रम का सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण अधिकारी घोषित करते हुए प्रतिष्ठित कमांडेंट रोलिंग ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। वहीं, फील्ड स्पर्धाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए कैप्टन साहिल ठाकुर को मेजर लैशराम ज्योतिन सिंह अशोक चक्र मेमोरियल ट्रॉफी प्रदान की गई।
सैनिकों की गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा के लिए किया प्रेरित
समारोह को संबोधित करते हुए समीक्षा अधिकारी मेजर जनरल कंवरजीत सिंह ने युवा अधिकारियों की उत्कृष्ट परेड, अनुशासन और प्रशिक्षण के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों से सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने, अपनी व्यावसायिक दक्षता को निरंतर अद्यतन करने तथा प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान को और विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं में पेशेवर विकास के अनेक अवसर उपलब्ध हैं और अधिकारियों को युद्धकाल एवं शांतिकाल दोनों परिस्थितियों में सैनिकों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
200 से अधिक परिजनों ने देखा समारोह
कोर्स समापन परेड के दौरान 200 से अधिक प्रशिक्षु अधिकारियों के माता-पिता एवं परिजन उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी समारोह में भाग लेकर प्रशिक्षु अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया।