बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का एसडीएम ने किया निरीक्षण: राहत और बचाव व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बाराबंकी। रामनगर एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ग्राम सुंदर नगर मजरा बतनेरा के उत्तरी मार्ग पर नाले के माध्यम से बाढ़ का पानी पहुंचा मिला। हालांकि राहत की बात यह रही कि आबादी क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित है और कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं बनी है। प्रशासन ने हालात पर लगातार नजर बनाए रखी है और किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से ही सुनिश्चित कर लिए हैं।

एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि ग्रामीणों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए पहले से दो नावों को प्री-पोजिशन मोड में तैनात किया गया था। वर्तमान स्थिति को देखते हुए एक नाव का संचालन कराया जा रहा है, जिससे जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

52 पशुओं का हुआ टीकाकरण

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने मौके पर शिविर लगाकर आठ मरीजों का उपचार किया। वहीं पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने चार पशुओं का इलाज करने के साथ ही 52 पशुओं का टीकाकरण भी किया, ताकि बाढ़ के दौरान पशुओं में बीमारियों के फैलाव को रोका जा सके।

प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री के निर्देश

निरीक्षण में यह भी पाया गया कि नदी तटबंध पर बसे सभी गांवों की आबादी पूरी तरह सुरक्षित है तथा किसी भी स्थान पर कटान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए राहत शिविरों की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यदि भविष्य में आबादी क्षेत्र में बाढ़ का पानी प्रवेश करता है तो प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।