
बाराबंकी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बाराबंकी जिले के सिरौलीगौसपुर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री समर्थ साहेब जगजीवन दास बड़े बाबा की बड़ी गद्दी पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बलदेव सिंह आंवला ने मंदिर पहुंचकर समर्थ साहेब जगजीवन दास बड़े बाबा की समाधि पर मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने बड़ी गद्दी के पीठाधीश्वर महंत नीलेन्द्र बक्श दास से आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंत्री बलदेव सिंह ने बड़ी गद्दी परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं के साथ पंक्ति में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन मंदिर परिसर भजन-कीर्तन, प्रवचन और गुरु वंदना से भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
जनसभा को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव का “सतनाम” और समर्थ साहेब जगजीवन दास बड़े बाबा का “सत्यनाम” समाज को जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर सत्य, प्रेम और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सत्यनाम पंथ की सबसे बड़ी विशेषता सामाजिक समरसता है, जहां सभी जाति और धर्म के लोग एक साथ बैठकर भजन-कीर्तन करते हैं और मानव सेवा को सर्वोच्च मानते हैं।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने खाद की उपलब्धता का मुद्दा उठाया, जिस पर कृषि मंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खरीफ और रबी दोनों मौसम में किसानों को पर्याप्त मात्रा में समय पर खाद उपलब्ध कराई जाएगी तथा कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
इस अवसर पर महंत नीलेन्द्र बक्श दास ने कृषि मंत्री बलदेव सिंह आंवला को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।