UP विधानसभा में दूसरे दिन भी हंगामा: अनुपूरक बजट पर विपक्ष का हमला, राम मंदिर चढ़ावा मामले पर चर्चा की मांग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को विधानसभा और विधान परिषद में योगी सरकार अनुपूरक बजट पेश कर रही है। बजट पेश होने से पहले ही सदन के भीतर और बाहर सियासी माहौल गरमा गया। समाजवादी पार्टी के विधायकों ने वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव की अगुवाई में विधानसभा गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा और जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब तक मूल बजट का पूरा उपयोग नहीं कर पाई है और इसके बावजूद अनुपूरक बजट लेकर आ गई है।

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर विपक्ष का हंगामा, सदन में चर्चा की मांग

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही समाजवादी पार्टी के विधायक अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर आक्रामक हो गए। विपक्ष ने इस मुद्दे पर सदन में तत्काल चर्चा कराने की मांग करते हुए जोरदार हंगामा किया। विपक्ष का कहना था कि इस मामले पर सरकार को सदन में जवाब देना चाहिए। लगातार नारेबाजी और विरोध के कारण सदन का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

स्पीकर की टिप्पणी के बाद भी नहीं थमा विवाद, कार्यवाही करनी पड़ी स्थगित

हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विपक्ष पर टिप्पणी करते हुए कहा कि “जिसने चंदा दिया हो, वह रसीद लेकर आए। इसके बावजूद विपक्ष अपने रुख पर कायम रहा और चर्चा की मांग से पीछे नहीं हटा। लगातार जारी हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही दोपहर 12:20 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। विपक्ष सरकार को अनुपूरक बजट और अन्य मुद्दों पर घेरने की रणनीति के तहत लगातार विरोध दर्ज कराता रहा।

सत्ता पक्ष ने विपक्ष को ठहराया जिम्मेदार

सदन की कार्यवाही बाधित होने पर सत्ता पक्ष के मंत्रियों ने विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी बेवजह सदन की कार्यवाही में व्यवधान डाल रही है। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के कथित मामले पर सदन में चर्चा कराने की मांग को अनुचित बताते हुए कहा कि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए अनावश्यक मुद्दों को तूल दे रहा है, जबकि सरकार सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाना चाहती है।