
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार को उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के अयोध्या रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गोमती नगर स्थित जनता मार्केट, मलिक टिंबर चौराहा क्षेत्र के व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान और व्यापारिक हितों की मजबूती के उद्देश्य से संगठन से जुड़ने का निर्णय लिया। प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता की उपस्थिति में क्षेत्र के 85 व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने वाले व्यापारियों का प्रदेश अध्यक्ष सहित संगठन के पदाधिकारियों ने स्वागत किया और उन्हें व्यापारियों के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
व्यापारियों के मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को संगठन से जुड़ने पर बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि व्यापारियों का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा और व्यापारियों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए संगठन पूरी मजबूती से आवाज उठाएगा।
कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए: संजय गुप्ता
संजय गुप्ता ने व्यापारियों से एकजुट होकर सकारात्मक सोच के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि “व्यापारी न स्वयं गलत करें और न गलत बर्दाश्त करें।” उन्होंने कहा कि संगठित होकर ही व्यापारी अपनी समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान करा सकते हैं और अपने हितों की मजबूती से रक्षा कर सकते हैं।
जनता मार्केट इकाई के लिए 14 सदस्यीय प्रभारी कमेटी गठित
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल की जनता मार्केट, गोमती नगर इकाई के संचालन और संगठन को मजबूत करने के लिए 14 सदस्यीय प्रभारी कमेटी का गठन किया। इस कमेटी में क्षेत्र के वरिष्ठ एवं सक्रिय व्यापारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रभारी कमेटी में वरिष्ठ व्यापारी रमेश सिंह, सत्यनारायण तिवारी, सुशील कुमार सोनी, अनुज कुमार वर्मा, नरेंद्र उमराव, रवि चंद्रा, शकील खान, मोहम्मद अफजल, पुष्पेंद्र उमराव, मो. सैफ, शंकरी लाल, अंकुर गुप्ता, पुष्पेन्द्र और रमाशंकर सिंह को शामिल किया गया।
प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री शशिकांत शर्मा, प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी तथा वरिष्ठ व्यापारी नेता वेद प्रकाश विश्वकर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और व्यापारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।