
मोहम्मदी-खीरी। मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र में रसूलपुर गांव के पास तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने पीछे से सवारियों से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार महिला पिंकी शाह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पति समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रसूलपुर निवासी एक ही परिवार के चार लोग ऑटो से रिश्तेदारी में पूरनपुर जा रहे थे। गांव से करीब एक किलोमीटर आगे ईदगाह के पास पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे फोर व्हीलर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना करने वाले वाहन को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस को बुलाया गया। समाजसेवी शिवम राठौर की मदद से मां जानकी एंबुलेंस से घायलों को मोहम्मदी सीएचसी पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल पिंकी शाह की हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एक अन्य महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे में घायल दो पुरुषों का उपचार जारी है।
पिंकी शाह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रिश्तेदारी में जाने के लिए घर से निकला परिवार कुछ ही देर में मातम में बदल गया। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद फोर व्हीलर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, हालांकि बताया जा रहा है कि चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त कार से शराब भी बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि चालक हादसे के समय नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
रसूलपुर के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।