30 अगस्त को लखनऊ आएंगे जयंत चौधरी: 2027 की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह 30 अगस्त को लखनऊ पहुंचेंगे। गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उनकी मौजूदगी में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं विचार-विमर्श बैठक आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए यह बैठक संगठन की आगे की रणनीति तय करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण होगी।

अनुपम मिश्रा ने बताया कि बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने और प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। चौधरी जयंत सिंह पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक दिशा तथा संगठनात्मक रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुट गया है और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का अभियान लगातार जारी है।

ब्राह्मण और सवर्ण समाज के कई प्रमुख चेहरे होंगे शामिल

कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल लगातार समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने का काम कर रहा है। विशेष रूप से ब्राह्मण समाज के बीच पार्टी की विचारधारा तथा चौधरी चरण सिंह के सामाजिक न्याय, किसान हित और सर्वसमावेशी राजनीति को लेकर सकारात्मक वातावरण बना है। उनके मुताबिक बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग राष्ट्रीय लोकदल से जुड़ रहे हैं। 30 अगस्त के कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के साथ-साथ सवर्ण समाज के कई प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक चेहरे अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

पूर्वांचल से बुंदेलखंड तक संगठन विस्तार का दावा

अनुपम मिश्रा ने कहा कि 30 अगस्त के कार्यक्रम में पूर्वांचल सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग लखनऊ पहुंचेंगे। नए लोगों के पार्टी से जुड़ने से राष्ट्रीय लोकदल को नई ताकत और व्यापक सामाजिक आधार मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी अब किसी एक क्षेत्र तक सीमित राजनीतिक शक्ति नहीं रह गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूर्वांचल, मध्यांचल, बुंदेलखंड और प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है तथा नए सामाजिक एवं राजनीतिक नेतृत्व को पार्टी से जोड़ने का अभियान जारी है।

मयंक त्रिवेदी बोले- कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह

प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि 30 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि चौधरी जयंत सिंह की मौजूदगी में होने वाला यह कार्यक्रम संगठन को नई दिशा देने के साथ ही कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।

युवाओं और Gen-Z को संगठन में आगे बढ़ाने पर जोर

अनुपम मिश्रा ने कहा कि चौधरी जयंत सिंह की युवाओं और Gen-Z को लेकर स्पष्ट सोच पार्टी के संगठनात्मक बदलावों में भी दिखाई दे रही है। पार्टी नेतृत्व नई पीढ़ी को राजनीति में आगे बढ़ाने, युवाओं को जिम्मेदारियां देने और संगठन में नई कार्यशैली विकसित करने पर विशेष जोर दे रहा है। उन्होंने कहा कि हाल में किए गए संगठनात्मक बदलाव भी इसी सोच का परिणाम हैं।

पद सम्मान नहीं, जिम्मेदारी और जवाबदेही का विषय

कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की कार्यशैली में कार्यक्षमता, सक्रियता और जिम्मेदारी को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इसी क्रम में हाल ही में क्षेत्रीय अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्रीय अध्यक्षों की लिखित परीक्षा भी कराई गई। उन्होंने कहा कि संगठन में कोई पद केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और जवाबदेही का विषय है। पार्टी इसी सोच के साथ अपने संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रही है।

2027 के लिए पूरी ताकत से तैयारी का दावा

अनुपम मिश्रा ने कहा कि हर चुनौती से निपटने में राष्ट्रीय लोकदल पूरी तरह सक्षम है। कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है और संगठन 2027 के लिए पूरी ताकत के साथ तैयार हो रहा है। पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में मजबूत, सक्रिय और जिम्मेदार संगठन खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि 30 अगस्त का कार्यक्रम इसी व्यापक संगठनात्मक अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सदस्यता अभियान, कार्यकर्ता सम्मेलन और अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों को और गति दी जाएगी। मिश्रा ने विश्वास जताया कि चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल 2027 में उत्तर प्रदेश की राजनीति में मजबूत और निर्णायक शक्ति के रूप में उभरेगा।