
लखनऊ। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ नगर निगम द्वारा देश में प्रथम स्थान हासिल करने की गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में लखनऊ क्षमता संवर्धन एवं जागरूकता कार्यशाला” का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्वच्छ वायु, पर्यावरण संरक्षण और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा के साथ भविष्य की कार्ययोजना और जन-जागरूकता को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना तथा विशिष्ट अतिथि नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री एके. शर्मा रहे। इस अवसर पर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में लखनऊ को देश में प्रथम स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कार्मिकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति या विभाग के प्रयास का परिणाम नहीं, बल्कि विभिन्न विभागों के समन्वय और जमीनी स्तर पर किए गए निरंतर कार्यों का प्रतिफल है। सम्मान समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला और नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री के संबोधन ने उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए नई ऊर्जा प्रदान की।
पहला स्थान हासिल करना बड़ी उपलब्धि, इसे बनाए रखना उससे भी बड़ी चुनौती
इस दौरान नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि लखनऊ द्वारा स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देश में प्रथम स्थान हासिल करना पूरे शहर और प्रदेश के लिए गौरव की बात है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखना इससे भी बड़ी चुनौती है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि जिस एकजुटता और सामूहिक प्रयास के साथ लखनऊ ने यह मुकाम हासिल किया है, उसी भावना के साथ आगे भी लगातार काम करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रैंकिंग हासिल करना लक्ष्य का अंत नहीं, बल्कि स्वच्छ वायु के लिए निरंतर चलने वाले प्रयासों की शुरुआत है। उन्होंने अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार करने और लखनऊ को स्वच्छ वायु के क्षेत्र में देश का अग्रणी शहर बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने का संदेश दिया।
यूपी के 16 शहरों को मिला सम्मान, वार्ड 70 भी देश में प्रथम
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में प्रदेश के लगभग 16 शहरों को सम्मान प्राप्त होना उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विशेष रूप से लखनऊ के वार्ड संख्या 70 का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वार्ड ने भी देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता शहर और वार्ड स्तर पर किए गए प्रभावी कार्यों, बेहतर प्रबंधन तथा अधिकारियों-कर्मचारियों और स्थानीय स्तर पर जुड़े लोगों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर तभी व्यापक रूप से दिखाई देगा, जब योजनाओं को कागजों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें प्रभावी ढंग से जमीन पर लागू किया जाए।
स्वच्छ हवा के लिए सभी विभागों का समन्वय जरूरी
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि स्वच्छ वायु केवल नगर निगम या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए वन विभाग, यातायात विभाग, जिला प्रशासन, पेट्रोलियम विभाग, गैस पाइपलाइन से जुड़े विभाग, उज्ज्वला योजना तथा अन्य संबंधित विभागों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण की चुनौती बहुआयामी है और इसका समाधान भी सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से ही संभव है। विभागों के बीच बेहतर तालमेल, प्रभावी निगरानी, प्रदूषण के स्रोतों पर नियंत्रण और आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की दिशा में लगातार काम करने की आवश्यकता है।
प्रथम स्थान हासिल करना उपलब्धि, इसे बनाए रखना जिम्मेदारी
एके शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि “लखनऊ को प्रथम स्थान दिलाना उपलब्धि है, लेकिन इसे बनाए रखना अब आप सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय को और मजबूत करने तथा स्वच्छ वायु के लिए किए जा रहे प्रयासों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण से निपटने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ आम जनता की भागीदारी भी जरूरी है। इसके लिए जन-जागरूकता अभियानों को और व्यापक बनाते हुए लोगों को स्वच्छ वायु, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जिम्मेदार बनाया जाना आवश्यक है।
सामूहिक प्रयास जारी रखने का लिया संकल्प
कार्यशाला के समापन अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लखनऊ में स्वच्छ वायु, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता के लिए निरंतर एवं सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में हासिल प्रथम स्थान को भविष्य में भी बनाए रखने के लिए विभागीय समन्वय, प्रभावी कार्ययोजना और जमीनी स्तर पर निगरानी को और मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में यह संदेश प्रमुखता से उभरा कि लखनऊ की उपलब्धि को कायम रखने के लिए अब पहले से अधिक निरंतरता, समन्वय और जनभागीदारी की आवश्यकता होगी।