कनिष्ठ सहायक और लेखपाल पद पर चयनित हुईं विद्या निकेतन की छात्रा प्रियांशी दीक्षित


गोला गोकर्णनाथ, खीरी। स्थानीय विद्यालय वि०कु०स्मा० सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, गोला-खीरी की इण्टरमीडिएट 2019 बैच की छात्रा प्रियांशी दीक्षित ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर दोहरी सफलता हासिल की है। उनका चयन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा के माध्यम से कनिष्ठ सहायक एवं लेखपाल पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
प्रियांशी दीक्षित कक्षा सात से इण्टरमीडिएट तक विद्यालय की नियमित छात्रा रहीं। उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में 89.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में आठवां स्थान हासिल किया था। वहीं इण्टरमीडिएट परीक्षा में उन्होंने 75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ससम्मान परीक्षा उत्तीर्ण की।
इण्टरमीडिएट के बाद प्रियांशी ने कानपुर विश्वविद्यालय से स्नातक तथा इग्नू से परास्नातक की शिक्षा उत्तम अंकों के साथ पूरी की। इसके बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल की।
प्रियांशी दीक्षित के पिता राजेश कुमार दीक्षित उप डाकपाल हैं, जबकि माता सुशीला दीक्षित गृहणी हैं। बेटी की इस सफलता से परिवार में भी खुशी का माहौल है।
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्राचार्य महेन्द्र कुमार त्रिपाठी एवं बालिका विभाग की प्राचार्या मधु त्रिपाठी ने प्रियांशी दीक्षित को चांदी का मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उनके पिता को भी अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य एवं बालिका विभाग की प्राचार्या ने प्रियांशी की सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।