जौनपुर में श्रीराम कथा की कलश यात्रा पर हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा, 10 हजार रामभक्त होंगे शामिल


जौनपुर। शहर में आगामी नौ दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ से पहले 20 अक्टूबर को निकलने वाली भव्य कलश एवं शोभा यात्रा पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। कलश यात्रा के दौरान आकाश से पुष्पवर्षा और सड़क पर गूंजते जय श्रीराम के जयकारों से जौनपुर का वातावरण भक्तिमय बनाने की तैयारियों को लेकर रविवार को उत्सव मोटल के बैंक्वेट हॉल में आयोजित समन्वय बैठक में अंतिम रूप दिया गया।
सेवा भारती के बैनर तले आयोजित होने वाली श्रीराम कथा 21 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक बीआरपी इंटर कॉलेज, जौनपुर के मैदान में होगी। कथा से एक दिन पूर्व 20 अक्टूबर को हनुमानघाट से कलश एवं शोभा यात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों के अनुसार इस यात्रा में करीब 10 हजार रामभक्तों के शामिल होने का अनुमान है।
बैठक में कलश यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या, यात्रा के रूट मैप, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां तय की गईं।
श्रीराम कथा के मुख्य आयोजक ज्ञानप्रकाश सिंह ने कहा कि कलश यात्रा को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से जौनपुर के कल्याणार्थ श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। श्रीराम कथा समाज परिवर्तन का माध्यम बने, यही सेवा भारती का उद्देश्य है।
बैठक की अध्यक्षता मुरली पाल, प्रांत कार्यवाह, काशी प्रांत ने की, जबकि संचालन डॉ. तेज सिंह, विभाग प्रमुख, सेवा भारती ने किया।
इस अवसर पर प्रांत संघचालक अंगराज सिंह, डॉ. वेदप्रकाश सिंह, अनिल गुप्ता, प्रेमचंद शुक्ल, राजीव कुमार सिंह, ब्रह्मेश शुक्ल, पप्पू माली, डॉ. विनोद कन्नौजिया, सुरेश सिंह, डॉ. मधुकर तिवारी, बबलू दूबे, मनोज दूबे, मयंक नारायण, जेपी श्रीवास्तव, ऋचा सिंह, मीना यादव, सोनी जायसवाल, नारायण चौरसिया, प्रियंका श्रीवास्तव, प्रदीप सिंह रिंकू, उर्वशी सिंह, प्रीति गुप्ता, डॉ. अंजना श्रीवास्तव, डॉ. अंजना सिंह, डॉ. वंदना सरकार, नेहा सिंह, किरण सिंह, सुचिता सिंह, रजनी साहू, मिलन श्रीवास्तव, प्रांजल पटेल सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।