न्याय पंचायत स्तर तक पहुंचेगा स्वाभिमान स्वयं सहायता समूह-संगठन, 11 सदस्यीय निगरानी समितियां बनाने का निर्णय

मोहम्मदी-खीरी। स्वाभिमान ट्रस्ट की कोर कमेटी की बैठक सोमवार, 21 सितंबर 2026 को मोहम्मदी नगर पालिका सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एडवोकेट अवनीश गुप्ता ने की। इसमें संगठन के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वावलंबन को बढ़ावा देने से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई और उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में सुनीत राठौर ने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पिछड़े, असहाय और निर्धन परिवारों के बुजुर्गों तक शिक्षा एवं आवश्यक सहयोग पहुंचाना ट्रस्ट के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। संगठन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को योजनाओं से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया गया।
दिनेश सिंह सोमवंशी ने प्रस्ताव रखा कि संगठन के विस्तार के लिए प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर 11 सदस्यीय निगरानी समिति का गठन किया जाए। बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। तय किया गया कि न्याय पंचायत स्तर पर समितियां गठित करने के बाद संगठन को ब्लॉक स्तर तक विस्तारित किया जाएगा।
गौरव गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और रोजगार के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन उनका अपेक्षित लाभ आमजन तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान ट्रस्ट के माध्यम से पीपीपी मॉडल पर गांवों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
इसके तहत नर्सरी, डेयरी, खेती, पैटर्न, पॉली हाउस और खाद्य प्रसंस्करण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने की योजना पर चर्चा हुई।
बैठक में रजनीश सिंह ने गांव स्तर पर स्वाभिमान स्वयं सहायता समूह-संगठन की कमेटियां गठित करने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। संगठन की ओर से बताया गया कि गांव से लेकर न्याय पंचायत और फिर ब्लॉक स्तर तक समितियों के गठन के जरिए संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
बैठक में प्रस्तावों पर सहमति बनने के बाद न्याय पंचायत स्तर पर कमेटियों के गठन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद ब्लॉक कमेटी गठित करने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही गई।
बैठक में सुनीत राठौर अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य अवनीश गुप्ता एडवोकेट एवं प्रबंधक जेपी इंटर कॉलेज, महेन्द्र कुमार राठौर, अनिल गुप्ता, विजय मिश्रा, गोपाल तिवारी, दिनेश सिंह सोमवंशी, गौरव गुप्ता, रजनीश सिंह, सत्यम बाबले, शीबू सिद्दीकी, आसाराम सैनी, राम निवास प्रधान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।