
फतेहपुर-बाराबंकी। थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के बढनापुर गांव के निकट मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 24 वर्षीय युवक घायल हो गया, जबकि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार जल्लाननगर निवासी शिवम् उर्फ विनीत विश्वकर्मा पुत्र अजय विश्वकर्मा (24) घरेलू कार्य से कस्बा फतेहपुर आया था। देर रात काम निपटाने के बाद वह अपनी कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान बढनापुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कार का सेफ्टी एयरबैग खुल गया, जिससे युवक को गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे युवक को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया और हालत सामान्य होने पर उसे घर भेज दिया। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत प्राप्त होने पर विधिक एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।