बिलग्राम में 76वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज, डीएम ने सौंपी मशाल

बिलग्राम। बीजीआरएम इंटर कॉलेज के खेल प्रांगण में सोमवार को 76वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का रंगारंग आगाज हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी हरदोई राहुल पांडेय ने किया। उद्घाटन अवसर पर बीएन इंटर कॉलेज की छात्रा यशी सिंह पुत्री धर्मेश सिंह को जिलाधिकारी ने मशाल सौंपी। मशाल सौंपे जाने के साथ ही तीन दिवसीय प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हो गया।
उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने खिलाड़ियों और आयोजन समिति के सदस्यों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी ईमानदारी, अनुशासन और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार दोनों महत्वपूर्ण हैं, लेकिन खिलाड़ी के लिए खेल भावना और निरंतर बेहतर प्रदर्शन की कोशिश सबसे अहम होनी चाहिए।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने एथलेटिक्स की अलग-अलग स्पर्धाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। छह से आठ अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी अलग-अलग एथलेटिक्स स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। साथ ही ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी क्षमता दिखाने का मंच भी मिलता है।
उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मैदान में पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करें। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता भी विकसित करता है।
प्रतियोगिता का आयोजन बीएन इंटर कॉलेज, भगवंतनगर-मल्लावां के संयोजन तथा दयानंद इंटर कॉलेज, सुरसा के सह-संयोजन में किया जा रहा है। प्रतियोगिता जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जनपदीय विद्यालयीय क्रीड़ा समिति के अध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार पाठक की देखरेख में आयोजित हो रही है।
उद्घाटन कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद कुमार पाठक, एसडीएम बिलग्राम एन. राम, सीओ आर. सोनकर समेत अन्य अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता को लेकर सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए हैं। बिलग्राम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा।