छाता चीनी मिल, अंडरपास और सर्विस रोड के लिए रक्षा मंत्री से मिले तरुण सेठ

कोसीकलां। छाता की 19 वर्षों से बंद पड़ी चीनी मिल को दोबारा शुरू कराने समेत क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी तरुण सेठ और भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष सीमा रानी ने दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री को बताया कि छाता चीनी मिल परिसर में पिछले 53 दिनों से किसान धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों की प्रमुख मांग है कि सबसे पहले लंबे समय से बंद पड़ी चीनी मिल को चालू कराया जाए। इसके बाद ही परिसर में इथेनॉल अथवा अन्य प्लांट लगाने पर विचार किया जाए।

तरुण सेठ ने कहा कि चीनी मिल से क्षेत्र के किसानों और बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मिल को दोबारा संचालित कराने के लिए प्रभावी पहल की आवश्यकता है। प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री से इस दिशा में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे।

मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोसीकलां और अजीजपुर में पुल अथवा शालीमार कृषि मंडी के सामने अंडरपास निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा कोसीकलां में हाईवे पर अधूरी पड़ी सर्विस रोड का निर्माण पूरा कराने की मांग भी रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं से भी रक्षा मंत्री को अवगत कराया और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।