कोसीकलां में निकली भगवान श्रीराम की भव्य बारात, जनकपुरी में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे

तोताराम मंदिर से शुरू हुई राम बारात में उमड़ा जनसैलाब, भरतमिलाप चौक पर सजी दिव्य जनकपुरी में हुआ विवाह उत्सव

कोसीकलां। ‘राम सरस वर दुल्हन सीता, समधी दशरथ जनक पुनीता’ की भावपूर्ण चौपाई के बीच कोसीकलां में भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई। दूल्हा स्वरूप में सजे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और चारों भाइयों की मनोहारी झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंगलवार की देर शाम निकली राम बारात बैंड-बाजों की मधुर धुन, आकर्षक झांकियों, आतिशबाजी और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच नगर भ्रमण करती हुई भरतमिलाप चौक स्थित भव्य जनकपुरी पहुंची। इस दौरान पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

राम बारात का शुभारंभ रामनगर स्थित तोताराम मंदिर से हुआ। बारात में शामिल भगवान श्रीराम और उनके भाइयों के स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। नगर की सड़कों से लेकर मकानों की छतों तक श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी। सीमावर्ती हरियाणा और राजस्थान सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग राम बारात के दर्शन करने पहुंचे।

बैंड-बाजों की मधुर धुन, आकर्षक झांकियों और आतिशबाजी ने मोहा मन; सुरक्षा के लिए पुलिस और पीएसी के जवान रहे तैनात

बारात में राजा दशरथ आकर्षक बग्गी पर सवार होकर चल रहे थे। वहीं, सफेद घोड़ों पर सवार भरत और शत्रुघ्न की झांकी ने विवाहोत्सव की शोभा बढ़ाई। पुष्पों से सजी छतरियों और रंग-बिरंगी रोशनी से सुसज्जित झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। दिल्ली, आगरा और राया से आए बैंड दलों सहित नगर के ग्रेट राजू बैंड और सरताज बैंड ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया। बैंड की धुनों पर श्रद्धालु झूमते और नाचते हुए बारात के साथ आगे बढ़ते रहे।

पुष्पों और रंगीन रोशनी से सजी जनकपुरी

भरतमिलाप चौक पर पुष्पों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजी जनकपुरी का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। यहां राजा जनक के रूप में सजे पात्र ने बारात के स्वागत की तैयारियां की थीं। मेला आचार्य पं. मोरमुकुट शास्त्री और रामलीला पुरोहित सत्यनारायण शर्मा के नेतृत्व में बारात जनकपुरी पहुंची। इसके बाद रामलीला मैदान में विद्वान पंडितों ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की रस्में संपन्न कराईं। खांड-कटोरा की रस्म के दौरान दोनों समधियों राजा दशरथ और राजा जनक ने गले मिलकर मिलनी की रस्म निभाई। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।

राम बारात की मुख्य झांकी की आरती कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, विवेक चौधरी और कर्मवीर चौधरी ने तोताराम मंदिर में उतारी। वहीं, गया लाल स्मृति भवन से शुरू हुई राम बारात की आरती वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी कमल किशोर वार्ष्णेय ने की।

गणमान्य लोगों ने किया स्वागत

भरतमिलाप चौक पर बारात का स्वागत अध्यक्ष गिर्राज चौधरी, संयोजक बॉबी ठाकुर, मंत्री हैप्पी गर्ग, अनुराग तायल, नवल भगतजी, भगवत श्रृंगारी, वेदप्रकाश, संजीव जाबिया, देशबंधु अग्रवाल, मदन चौधरी, पालिकाध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, कमल किशोर वार्ष्णेय, वेद प्रकाश गोयल, कैलाश चंदोरिया, डॉ. अमर सिंह पौनिया, स्पर्श गोयल, मुकेश जैन, सोनू हलवाई, कार्तिक चौधरी, लवली वर्मा और गोविंद जाबिया सहित अनेक लोगों ने किया।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

भगवान श्रीराम की बारात के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों के साथ व्यस्त इलाकों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह ने बताया कि सीओ छाता भूषण वर्मा के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई। इसके लिए 12 निरीक्षक, 15 उपनिरीक्षक, 10 हेड कांस्टेबल, 150 कांस्टेबल, 20 होमगार्ड और 25 महिला पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की दो कंपनियां तैनात रहीं। इसके अतिरिक्त आंसू गैस, अग्निशमन वाहन और सादे कपड़ों में खुफिया कर्मियों को भी लगाया गया। पुलिस प्रशासन पूरे आयोजन के दौरान सतर्क रहा।