
रामनगर। पंचायत भवन और कॉमन सर्विस सेंटर को बेहतर ढंग से विकसित कर
ग्राम पंचायत बड़न पुर में एक मिसाल पेश की गई है। यहां की साफ-सफाई, साज-सज्जा और हरियाली देखकर आने वाले अधिकारी भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रधान श्री मती आशा वर्मा के पति राकेश वर्मा और सचिव अभय शुक्ला की देखरेख में निर्मित यह भवन तीन साल बाद भी नया जैसा दिखाई दे रहा है। ग्राम प्रधान ने भी इसकी निगरानी की जिससे यह अच्छा बन सका। पंचायत भवन परिसर में जगह-जगह फूल-पौधे लगाए गए हैं जिससे इसकी सुंदरता और बढ़ गई है। भवन के सामने स्थित मैदान में इंटरलॉकिंग कराई गई है। दूसरी मंजिल पर बने कॉमन सर्विस सेंटर को आकर्षक बनाने के लिए फॉरसीलिंग लगाई गई है। पंचायत भवन के एक कमरे को भी इसी तर्ज पर सुंदर और व्यवस्थित बनाया गया है। पूरे परिसर की साज-सज्जा और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया गया है।
खास बात यह है कि ब्लॉक के कई गांवों में पंचायत भवनों पर ताले लटके रहते हैं और ग्रामीणों को जरूरी कामों के लिए भटकना पड़ता है वहीं इस पंचायत भवन का नियमित रूप से खुलना और बेहतर रखरखाव होना इसकी अलग पहचान बनाता है। पंचायत भवन को केवल सरकारी इमारत तक सीमित न रखकर जनसुविधाओं का बेहतर केंद्र बनाने का प्रयास यहां साफ नजर आता है। अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी यह एक अच्छी मिसाल है जो ग्राम प्रधान की सक्रियता से संभव हुआ है।