
रामनगर (बाराबंकी)। करीब एक माह से लापता 18 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में रामनगर पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुशील कुमार उर्फ कटनू निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती को हैदराबाद पहुंचाने का झांसा देकर उससे संपर्क बनाया था। बाद में छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव धान के खेत में छिपा दिया।
पुलिस के अनुसार, युवती 16 अक्टूबर को घर से लापता हुई थी। पिता की तहरीर पर रामनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। 12 नवंबर को फतेहुल्लापुर गांव के धान के खेत में उसका कंकाल, कपड़े और चप्पल बरामद हुए थे। परिजनों ने कपड़ों और चप्पलों से उसकी पहचान की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती को हैदराबाद में अपने एक परिचित के पास पहुंचाने की बात को लेकर दोनों के बीच बातचीत हुई थी। 16 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे दोनों मिले। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उसे खेत के रास्ते ले गया और नाले के किनारे छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने और परिजनों को बताने की बात कहने पर उसने पहले हाथ से और फिर दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को धान के खेत में छिपाकर फरार हो गया।
पुलिस ने सर्विलांस, डिजिटल साक्ष्यों और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आरोपी को चंदनापुर के पास से गिरफ्तार किया। मुकदमे में हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। मौके से मिले दुपट्टे और कपड़ों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। कंकाल की पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए रिपोर्ट आना बाकी है। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह, निरीक्षक सुभाषचंद यादव, उपनिरीक्षक ललित कुमार, हेड कांस्टेबल अतुल कुमार वर्मा और कांस्टेबल सौरभ यादव शामिल रहे।