दो रहस्य, एक खौफनाक कहानी… 14 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी ओड़िया फिल्म ‘रहस्यम’

उड़ीसा से कश्मीर और उत्तराखंड की वादियों तक हुई भव्य शूटिंग, उदित नारायण की आवाज में सजा रोमांटिक गीत; रहस्य और रोमांच के बीच उलझेगी प्रेम, प्रिया और काजल की कहानी

दहशत, रहस्य और रोमांच से भरपूर ओड़िया फिल्म ‘रहस्यम’ 14 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति के अवसर पर पूरे ओड़िशा में रिलीज होने जा रही है। आयुषी फिल्म्स प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म को भव्य कैनवास पर तैयार किया गया है। फिल्म की शूटिंग ओड़िशा से लेकर कश्मीर और उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में की गई है। फिल्म की कहानी में ऐसे अनसुलझे राज छिपे हैं, जिनकी परतें खुलने के साथ दर्शकों के सामने चौंकाने वाले मोड़ आते हैं। फिल्म का दावा है कि इसका असली रहस्य पूरी फिल्म देखने के बाद ही सामने आएगा।

फिल्म में संबित आचार्य, मानवी पटेल, मिली बल, श्रीतम दास, कृष्णा कर, हृषिकेश दास, पृथ्वीराज नायक, सुरेश बी. पटेल, रतन मेहर और प्रतिवा पंडा सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की निर्मात्री श्रीमती सुमन वर्मा हैं, जबकि लेखन और निर्देशन की जिम्मेदारी रमाशंकर ने संभाली है। संजय एन. श्रीवास्तव सह-निर्माता हैं।

‘रहस्यम’ की कहानी के साथ इसका संगीत भी खास आकर्षण है। संगीतकार प्रेम आनंद ने फिल्म के गीतों को तैयार किया है। ओड़िशा के जाने-माने गायकों और गायिकाओं ने फिल्म के गीतों को अपनी आवाज दी है। वहीं, बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक उदित नारायण ने भी फिल्म के लिए एक रोमांटिक गीत गाया है। मानवी पटेल और संबित आचार्य पर फिल्माया गया यह गीत कश्मीर की खूबसूरत वादियों में शूट किया गया है।

फिल्म में दो प्रमुख महिला किरदार हैं। मानवी पटेल ने काजल और मिली बल ने प्रिया की भूमिका निभाई है। दोनों अभिनेत्रियों ने अपने किरदारों को प्रभावशाली ढंग से निभाने की कोशिश की है। मानवी पटेल की यह तीसरी फिल्म है। इससे पहले वह निर्देशक रमाशंकर की फिल्म ‘ओय अंजली’ में काम कर चुकी हैं। यह फिल्म सिनेमाघरों के साथ सात भाषाओं में विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी चर्चा में रही। इसके अलावा मानवी गढ़वाली फिल्म ‘असगार’ में भी अपने अभिनय का प्रदर्शन कर चुकी हैं। अब वह ओड़िया सिनेमा में ‘रहस्यम’ के जरिए दर्शकों के सामने एक नए अंदाज में आने जा रही हैं।

क्या है फिल्म की कहानी?

‘रहस्यम’ की कहानी ओड़िशा के दो परिवारों—विजय बाबू और प्रकाश बाबू—के इर्द-गिर्द घूमती है। प्रकाश बाबू के बेटे प्रेम की सगाई विजय बाबू की बेटी काजल से धूमधाम से होती है। सगाई के बाद प्रेम और काजल प्री-वेडिंग शूट के लिए उत्तराखंड जाते हैं। वहां की खूबसूरत वादियों में शूटिंग के दौरान अचानक काजल लापता हो जाती है। प्रेम उसे तलाशने के लिए उत्तराखंड पुलिस की मदद लेता है, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद काजल का कोई सुराग नहीं मिलता।

इसी तलाश के दौरान प्रेम की मुलाकात प्रिया नाम की एक ओड़िया युवती से होती है। प्रिया उसकी दोस्त बन जाती है और काजल को खोजने में उसकी मदद करने लगती है। लेकिन कहानी उस समय नया मोड़ लेती है, जब प्रेम को प्रिया से जुड़ी एक ऐसी रहस्यमयी सच्चाई का पता चलता है, जो उसे भीतर तक हिला देती है। अब उसके सामने सिर्फ काजल की गुमशुदगी का सवाल नहीं, बल्कि प्रिया की पहचान और उससे जुड़े रहस्य की गुत्थी भी है।

काजल और प्रिया से जुड़े दो रहस्य प्रेम को ऐसी उलझन में डाल देते हैं, जहां हर जवाब के साथ एक नया सवाल खड़ा होता है। आखिर काजल कहां गायब हुई? प्रिया की असलियत क्या है? दोनों के बीच ऐसा कौन-सा संबंध है, जो प्रेम की जिंदगी को बदल देता है? इन सवालों के जवाब फिल्म के रोमांच को आगे बढ़ाते हैं। कई उतार-चढ़ाव और उलझनों के बाद प्रेम इस रहस्यमयी गुत्थी को सुलझाने में कामयाब होता है।

हॉरर और थ्रिलर के तत्वों से सजी ‘रहस्यम’ को लेकर ओड़िशा के दर्शकों में उत्सुकता बताई जा रही है। 14 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति के मौके पर रिलीज होने जा रही यह फिल्म रहस्य, रोमांच, संगीत और खूबसूरत लोकेशंस के मेल के साथ ओड़िया सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी में है।