
महंगे दूध के दौर में महज 150 रुपये किलो में मिल रहा पनीर, सेहत से खिलवाड़ जारी; जिम्मेदार अधिकारियों ने साधी चुप्पी।
कासगंज।प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उनकी संपत्ति जब्त करने के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जनपद में मिलावट का काला कारोबार बेखौफ जारी है। जिले में नकली पनीर, खोया और देशी घी की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। हालात यह हैं कि बाहर से महज 150 रुपये प्रति किलो की दर से नकली पनीर मंगवाकर बाजार में लोगों की सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ किया जा रहा है।
कैसे संभव है इतना सस्ता पनीर?
वर्तमान में दूध की कीमतें आसमान छू रही हैं। ऐसे में 150 रुपये प्रति किलो की दर से पनीर उपलब्ध होना अपने आप में बड़े सवाल खड़े करता है। सूत्रों के अनुसार, अलीगढ़ और बिनावरा क्षेत्र से सिंथेटिक व मिलावटी पनीर की खेप कासगंज मंगाई जा रही है। स्थानीय दुकानदार इसे 150 रुपये किलो में खरीदकर बाजार में 220 से 250 रुपये प्रति किलो तक बेच रहे हैं और मोटा मुनाफा कमा रहे हैं।
इन इलाकों में सप्लाई की चर्चा।
स्थानीय स्तर पर मिल रही जानकारी के अनुसार, कासगंज शहर के अशोक नगर स्थित महाकाल डेयरी, बिलराम गेट पर दुर्गा कॉलोनी के पास साक्षी डेयरी, शैलई रोड पर सोलंकी मार्केट के पास अन्या डेयरी तथा जनपद के गंजडुंडवारा स्थित राजाराम चौक के पास की दुकानों पर बिनावरा व आसपास के क्षेत्रों से पनीर की सप्लाई किए जाने की चर्चा है।
विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल।
जनपद में खुलेआम हो रही इस मिलावटखोरी के बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कोई ठोस अभियान या छापेमारी नजर नहीं आ रही है। लोगों का आरोप है कि अधिकारियों की उदासीनता और कथित मिलीभगत के कारण मिलावटखोरों में प्रशासन का कोई खौफ नहीं बचा है।इस पूरे मामले में पक्ष जानने के लिए जब खाद्य सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।