
नई दिल्ली। जवाहर नेहरू विश्वविद्यालय में भगवा झंडा फहराने की धमकी देने वाले आरोपी को रविवार को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विकास सहरावत व राजा कुमार के रूप में हुई है। बता दें कि दोनों आरोपी ने एक वीडियो अपलोड किया था। जिसमें जेएनयू में भगवा झंडा फहराने के साथ हिंसा करने की धमकी दी गयी थी। पुलिस से इस मामले की शिकायत जेएनयू के छात्रों व पदाधिकारियों ने की थी। जिसके बाद से पुलिस जांच में जुट गयी थी, रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को पीसीआर कॉल से भी मिली थी जानकारी
इस मामले में दिल्ली डीसीपी इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें इस मामले में कई पीसीआर कॉल आई थी। जिसके बाद से सभी गेटों पर सादे कपड़े में पुलिसकर्मी को तैनात किया गया था। इसके साथ ही जेएनयू छात्र संघ के छात्रों एवं पदाधिकारियों ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की थी। उन्होंने ‘महाकाल यूथ ब्रिगेड’ के फेसबुक पेज पर पोस्ट किए गए एक वीडियो दिखाया। जिसमें जेएनयू में भगवा झंडा फहराने के साथ हिंसा करने की धमकी दी गई थी।
दोनों के खिलाफ दर्ज है मामला
यह दोनों उत्तम नगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153A शत्रुता को बढ़ावा देना, 295A धार्मिक विश्वासों का अपमान, 505 और 506 आपराधिक धमकी के तहत मामला दर्ज किया था। बता दें कि विकास सहरावत ने कॉल की थी और राजा ने वीडियो अपलोड किया था।