संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप; पति और सास गिरफ्तार

फतेहपुर-बाराबंकी। थाना घुंघटेर क्षेत्र के डिंगरी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव घर के बाहर बने बरामदे में एक तखत पर पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

मृतका की पहचान 21 वर्षीय चांदनी के रूप में हुई है, जिसकी शादी 14 माह पूर्व रवि कुमार से हुई थी। पिता कुशमेश गौतम का आरोप है कि शादी के बाद से ही चांदनी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पिछले 8 महीनों से ससुराल वाले उसे लगातार मारते-पीटते थे। रवि कुमार ने कई बार जान से मारने की धमकी भी दी थी। कई बार रिश्तेदारों की मध्यस्थता से समझौता कर बेटी को विदा किया गया, लेकिन इस बार उन्होंने उसे मार डाला।

गुरुवार को चांदनी के ससुर जसवंत ने फोन पर उसकी मौत की सूचना दी। जब पिता मौके पर पहुंचे तो बेटी के गले पर काले निशान देखकर उन्हें शक हुआ। पूछने पर ससुराल वालों ने पहले गले में दाद, फिर सांप के काटने और बाद में आत्महत्या की अलग-अलग कहानियां बनाईं।

घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी बेटू सिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति रवि कुमार, देवर अजय कुमार, सास रामप्यारी और ससुर जसवंत के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति रवि कुमार और उसकी मां रामप्यारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि देवर अजय और ससुर जसवंत फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।