
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने आज भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के 15वें दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्रों को 40 पदक प्रदान किए। इनमें 25 स्वर्ण, 7 रजत और 8 कांस्य पदक शामिल हैं। अंशिका कटारिया को सर्वाधिक 8 पदक प्राप्त हुए। इसके अलावा गायन, कथक, भरतनाट्यम, तबला और नाट्यकला जैसे विभिन्न कलाओं में छात्रों को सम्मानित किया गया।
दीक्षांत समारोह में 9 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि से अलंकृत किया गया। इनमें रश्मि उपाध्याय, अमिता चौहान, पूजा द्विवेदी, शिवरूचि सिंह, अस्मिता श्रीवास्तव, अर्चना तिवारी, मंजू मलकानी, शैलजा शुक्ला और उपास्ना दीक्षित शामिल हैं।
मंत्री जयवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत को 2047 तक विकसित और विश्वगुरू बनाना है, जिसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश तभी विकसित होगा जब प्रदेश का हर जनपद विकसित होगा और जनता इसमें सक्रिय योगदान देगी। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की।
कुलपति प्रोफेसर मांडवी सिंह ने विश्वविद्यालय की प्रगति और संस्थापक पं. विष्णु नारायण भातखण्डे को श्रद्धासुमन अर्पित किए। समारोह की अध्यक्षता जयवीर सिंह ने की, विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री उच्च शिक्षा रजनी तिवारी रही, जबकि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल वर्चुअली उपस्थित थीं।
कार्यक्रम की शुरुआत शोभा यात्रा से हुई। राष्ट्रगीत और विश्वविद्यालय के कुल गीत की प्रस्तुति विश्वविद्यालय की छात्राओं ने की। इस अवसर पर हरदोई जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों को किट वितरित किए गए और सीडीओ सान्या छाबड़ा को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।