
लखीमपुर-खीरी: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित प्रतिनिधि मंडल ने 1 सितंबर 2025 को भाजपा नेताओं/कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस कार्यालय में जबरन तोड़फोड़ किए जाने के प्रकरण में जांच और कार्यवाही की जानकारी प्राप्त करने हेतु जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल में पूर्व कैबिनेट मंत्री नकुल दुबे, पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा, पूर्व विधायक सतीश आजमानी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रहलाद पटेल, पूर्व प्रदेश महासचिव सैफ अली नकवी, शहर अध्यक्ष रियाज अहमद मोनू और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल थे।
प्रतिनिधि मंडल ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रकरण की जानकारी पुलिस प्रशासन को है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री नकुल दुबे ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने जांच के लिए कुछ समय मांगा है और 12 सितंबर तक मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस समय सीमा में कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जिला व्यापी आंदोलन करेंगे।
पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने कहा कि प्रशासन भाजपा के दबाव में कार्य कर रहा है और अब तक दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र पर विश्वास करती है, लेकिन अगर 12 सितंबर तक मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया तो विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
पूर्व विधायक सतीश आजमानी ने कहा कि कांग्रेस कार्यालय में हुई तोड़फोड़ से कार्यकर्ता आक्रोशित हैं और मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन होगा। जिला अध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए। उन्होंने चेताया कि सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और फोटो साक्ष्य मौजूद होने के बावजूद यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस बड़े पैमाने पर आंदोलन कर दोषियों को सजा दिलाएगी।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कैप्टन मोनिस अली नकवी, संजय शर्मा, राम कुमार मिश्रा, सिद्धार्थ त्रिवेदी, दीपक बाजपेई, मोहन चंद्र उप्रेती, नवाज खान, बलराम गुप्ता, अजय दरोगा, आफताब अहमद, चंद्र प्रभा अवस्थी, पंकज शुक्ला एडवोकेट, कल्लू मिश्रा, प्रेम वर्मा, अन्नू मिश्रा, रामकुमार वर्मा, अमित गुप्ता, आदेश गुप्ता, राम जीवन राज, नीरज बाजपेयी, जावेद अली एडवोकेट, देवेंद्र कुमार, पंकज, तरुण शालू, अब्दुल रहीम, रामपाल शाक्य, राजेंद्र गुप्ता, सुनील कुमार, मनोज यादव सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस प्रवक्ता रवि तिवारी ने उक्त जानकारी जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी।