लखनऊ। एप्लॉम्ब द्वारा आयोजित ‘द फ्रेंड्स कप’ टेनिस टूर्नामेंट का मिनी स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि आनन्देश्वर पांडेय ने उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें खेल और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की शोभा और बढ़ गई।
उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल, वाइस प्रेसिडेंट ब्रिगेडियर एके. सिन्हा, कर्नल चतुर्वेदी, ट्रेज़रर बीसी तिवारी और डेविस कप खिलाड़ी सिद्धार्थ विश्वकर्मा सहित आयोजन समिति के डायरेक्टर पुष्कर मिश्र, टूर्नामेंट चेयरमैन नितिन गुप्ता और ऑर्गेनाइज स्वर्णेश चतुर्वेदी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। आयोजन की पूरी जिम्मेदारी पुष्कर मिश्र और उनकी टीम द्वारा संभाली जा रही है।
180 से अधिक खिलाड़ी हुए शामिल
इस टूर्नामेंट में विभिन्न आयु वर्गों के 180 से अधिक पुरुष और महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कराए जा रहे हैं, जिनकी निगरानी आधिकारिक रेफरी गीतिका पॉल कर रही हैं। उद्घाटन के अवसर पर खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष एकल 30+ आयु वर्ग में अभिषेक यादव ने एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-0 से जीत दर्ज की। वहीं सर्वराज सिंह ने 6-0, 7-6(4) से और स्टालिन नायक ने 6-3, 6-2 से अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया। आयोजन समिति के अनुसार ‘द फ्रेंड्स कप’ का मुख्य उद्देश्य खेल के साथ-साथ स्वास्थ्य, अनुशासन और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।