लखनऊ। केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, लखनऊ परिसर में छात्रावास दिवस के उपलक्ष्य में 30 एवं 31 मार्च 2026 को दो दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में परिसर के प्राध्यापक, अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं शोधार्थी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं, जिससे छात्रावास जीवन को और अधिक सक्रिय एवं रचनात्मक बनाया जा सके।
वाद-विवाद, सांस्कृतिक संध्या और खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी आकर्षण का केंद्र
छात्रावास दिवस के अंतर्गत विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसमें वाद-विवाद प्रतियोगिता, काव्य-पाठ, नाटक, संगीत कार्यक्रम, सांस्कृतिक संध्या तथा खेलकूद गतिविधियां शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा आपसी सहयोग और समन्वय की भावना को मजबूत करना है। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
निदेशक ने अधिकाधिक सहभागिता का किया आह्वान
परिसर के निदेशक ने ‘छात्रावास दिवस’ के अवसर पर सभी विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, ये कार्यक्रम छात्रावास जीवन को अधिक सृजनात्मक, प्रेरणादायक और यादगार बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।