त्योहार पर वेतन और बोनस न मिलने से नाराज — सिविल अस्पताल लखनऊ में सफाई कर्मियों की हड़ताल, कामकाज ठप

लखनऊ।राजधानी के सिविल अस्पताल में शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों ने वेतन और बोनस न मिलने से नाराज होकर हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन करते हुए प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द वेतन व बोनस जारी करने की मांग की।

सफाई कर्मियों का कहना है कि दीपावली जैसे बड़े त्यौहार पर भी उन्हें अब तक न तो वेतन मिला है और न ही बोनस। जिससे उनके घरों में त्यौहार की खुशियां फीकी पड़ गई हैं। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, वे काम पर नहीं लौटेंगे।

प्रदर्शन के दौरान एक महिला सफाई कर्मचारी की तबीयत बिगड़ गई। उसे तुरंत डॉक्टरों की टीम ने अस्पताल के भीतर ही प्राथमिक उपचार दिया।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से डायरेक्टर ने हड़ताली कर्मचारियों से वार्ता की और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि, हड़ताल जारी रहने से अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। वार्डों, गलियारों और शौचालयों में गंदगी बढ़ने लगी है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शनिवार तक उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे हड़ताल को अनिश्चितकाल तक बढ़ा देंगे।