
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2025 (पीईटी) 6 और 7 सितंबर को लखीमपुर खीरी जिले में आयोजित होगी। इस परीक्षा में 43,200 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी— पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक। प्रत्येक पाली में 10,800 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
एडीएम (न्यायिक) अनिल कुमार रस्तोगी ने कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में बैठक कर सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को दिशा-निर्देश दिए। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के आदेश पर स्पष्ट कर दिया गया है कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयोग के समन्वयी प्रेक्षक संतोष पटेल ने परीक्षा के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, हेल्प डेस्क और अभिलेखीय परीक्षण की व्यवस्था रहेगी। साथ ही परीक्षा कक्षों में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।