रिपोर्ट : रवि द्विवेदी

अमेठी। पूर्व चेयरमैन चंद्रमा देवी को न्यायालय से जमानत मिलने के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जमानत की खबर मिलते ही समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी और राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि बीते दिनों न्यायालय के आदेश पर चंद्रमा देवी को जेल भेज दिया गया था, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई थीं। मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी काफी हलचल देखी जा रही थी। अब जमानत मिलने के बाद उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है और लोग इसे न्याय की दिशा में अहम कदम मान रहे हैं।
इस मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि (राजेश मसाला) ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं।” उन्होंने न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सच्चाई सामने आएगी और अंततः न्याय की जीत होगी।
उन्होंने आगे कहा कि यह जमानत न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इससे यह स्पष्ट होता है कि न्याय व्यवस्था निष्पक्ष रूप से काम कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में पूरे मामले में सच्चाई सामने आएगी और न्याय अवश्य मिलेगा।
जमानत मिलने के बाद समर्थकों ने खुशी जताते हुए चंद्रमा देवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, उन्होंने पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई है, ताकि सत्य सामने आ सके और किसी भी प्रकार की भ्रांतियां दूर हो सकें।
स्थानीय स्तर पर इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं जारी हैं और लोग आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल जमानत मिलने से चंद्रमा देवी और उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है।