
नई दिल्ली। दिल्ली में शनिवार की सुबह भारी बारिश हो रही है। आज वार्षिक मानसून सीज़न के दौरान शहर में 18 सालों बाद सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है।
साल 2003 की बारिश का आंकड़ा भी हुआ पार
2003 में, पूरे मानसून मौसम के दौरान दिल्ली में 115 सेंटीमीटर की बारिश रिकॉर्ड हुई थी। बारिश का यह आंकड़ा इस साल पहले ही पार हो चुका है और मानसून अभी खत्म भी नहीं हुआ है। सीज़न के कम से कम पांच दिन अभी भी बाकी हैं।
सफदरजंग ऑब्जर्वेट्री ने दर्ज किया भारी बारिश का आकलन
दिल्ली में बारिश का आकलन सफदरजंग ऑब्जर्वेट्री द्वारा दर्ज आंकड़ों के अनुसार किया जाता है। सफदरजंग ऑब्जर्वेट्री के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार सुबह 8.30 बजे और शनिवार को सुबह 8.30 बजे के बीच 94.7 मिलीमीटर की बारिश दर्ज की गई है। राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम को भी काफी बारिश हुई थी।
दिल्ली में जारी किया गया ‘ऑरेंज अलर्ट’
भारतीय मौसम विभाग ने शहर के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें शनिवार को सुबह 7 से 10 बजे के बीच दिल्ली एनसीआर में मध्यम से भारी बारिश और तेज हवा एंव गरज के साथ बौछारें पड़ने की आशंका की गई है। ऑरेंज अलर्ट बेहद खराब मौसम के लिए चेतावनी के रूप में जारी किया जाता है, जिसमें सड़क और नाले बंद होने और बिजली आपूर्ति में रुकावट के साथ यातायात में दिक्कतों की संभावना होती है। आईएमडी ने सड़कों पर जलभराव के कारण यातायात बाधित होने की चेतावनी दी है और नागरिकों से यातायात सलाह का पालन करने और मानसून के दौरान अक्सर बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में जाने से बचने का आग्रह किया है।