
बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी में चल रहे संगठन पर्व के तहत मंडल से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठनात्मक चुनाव और मनोनयन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा केंद्रीय कार्यसमिति के अंतर्गत 120 नए राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का मनोनयन कर नया संगठनात्मक ढांचा तैयार किया गया है। सोमवार देर रात जारी आधिकारिक सूची में बाराबंकी जनपद की नारी शक्ति को विशेष महत्व दिया गया है।
सूची में पूर्व सांसद एवं भाजपा की प्रदेश महामंत्री प्रियंका सिंह रावत तथा पूर्व विधायक व जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत को भाजपा की राष्ट्रीय परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया है। दोनों वरिष्ठ नेत्रियों को यह महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश वर्मा कर्रा ने प्रियंका सिंह रावत और राजरानी रावत को राष्ट्रीय परिषद का सदस्य बनाए जाने पर बधाई देते हुए इसे अनुभव और संगठनात्मक सामंजस्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया सकारात्मक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि दोनों नेत्रियां जमीनी स्तर से जुड़ी रही हैं और संगठन में पार्टी द्वारा दी गई प्रत्येक जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और कुशलता से निभाया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
राकेश वर्मा कर्रा ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा दोनों नेत्रियों को राष्ट्रीय परिषद में स्थान देकर नारी शक्ति का सम्मान किया गया है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि प्रियंका सिंह रावत और राजरानी रावत राष्ट्रवादी विचारधारा, पार्टी के प्रेरणादायी नेतृत्व और जनसेवा के संकल्प के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।