
नई दिल्ली। टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए भारत की झोली में दो और पदक डाल दिए हैं। बैडमिंटन मेंस सिंगल्स एसएल3 इवेंट में प्रमोद भगत स्वर्ण पदक पक्का कर चैंपियन बने। इसी इवेंट भारत के ही दूसरे शटलर मनोज सरकार ने टोक्यो पैरालंपिक के बैडमिंटन मेंस सिंगल्स क्लास एसएल3 इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रमोद भगत को बधाई देते हुए ट्वीट कर लिखा ,‘प्रमोद भगत ने पूरे देश का दिल जीत लिया है, वह एक चैंपियन हैं, जिनकी सफलता लाखों लोगों को प्रेरित करेगी, उन्होंने उल्लेखनीय दृढ़ संकल्प दिखाया. उन्हें बैडमिंटन में गोल्ड जीतने के लिए बधाई. उन्हें उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं.’
पैरालंपिक में भारत के 17 मेडल
4 गोल्ड, 7 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज के साथ भारत के खाते में अब कुल 17 मेडल आ चुके हैं। टोक्यो पैरालंपिक में भारत 25वें नंबर पर पहुंच गया है। जो पैरालंपिक के इतिहास में भारत का अब तक का सबसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।