सवारी बनकर लूट करने वाला गिरोह बेनकाब, चार शातिर गिरफ्तार

उन्नाव। जनपद उन्नाव में सवारी बनकर लूटपाट करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना दही पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू, मोबाइल फोन, कार और लूट का सामान बरामद हुआ है।
पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी जयप्रकाश सिंह और एएसपी अखिलेश सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक कार से सवारी बनाकर लोगों को बैठाते हैं और सुनसान जगह पर ले जाकर उनसे लूटपाट करते हैं।
सूचना के आधार पर गुरुवार को निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चार युवक सवार मिले। पूछताछ में उनकी पहचान रोहन उर्फ अक्षत वर्मा निवासी गांधीनगर शुक्लागंज, यश शुक्ला निवासी सुभाष नगर शुक्लागंज, यश तिवारी निवासी कृष्णानगर शुक्लागंज और आदित्य गुप्ता उर्फ यश गुप्ता निवासी सुभाष नगर शुक्लागंज के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, चार मोबाइल फोन, कार और लूट का अन्य सामान बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का मुख्य आरोपी रोहन उर्फ अक्षत वर्मा कार चलाता था और कानपुर से लखनऊ जाने वाली सवारियां बैठाता था। रास्ते में पहले से मौजूद उसके साथी यात्रियों को हथियार दिखाकर डराते, मारपीट करते और नकदी व कीमती सामान लूट लेते थे। इसके बाद पीड़ितों के मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर कर लेते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर थाना दही में आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना दही पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आमजन की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।